जहांगीराबाद क्षेत्र में कार में लगी आग। स्रोत: वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट
जहांगीराबाद। नगर क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमनगर के पास बृहस्पतिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोग समय रहते कूद गए और उनकी जान बच गई। कार कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई।
गांव प्रेमनगर के पास बृहस्पतिवार रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। कार में सवार जहांगीराबाद के मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी वसीम और उनके रिश्तेदार आस मोहम्मद निवासी सहारनपुर ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों औरंगाबाद जा रहे थे। शॉर्ट सर्किट होने से कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। घटना का वीडियो आसपास के लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। सीओ अनूपशहर रामकरण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।