बुलंदशहर। पुलिस लाइन मैदान पर बृहस्पतिवार को मेरठ जोन की तृतीय अंतरजनपदीय हैंडबॉल (महिला/पुरुष) और बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का समापन हुआ। बास्केटबॉल के रोमांचक फाइनल मुकाबले में बुलंदशहर की टीम ने गौतमबुद्धनगर को पटखनी देते हुए जोन की चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। वहीं, हैंडबॉल के तीनों वर्गों में मेरठ की टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखी।
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण पुरुष वर्ग का बास्केटबॉल फाइनल रहा, जो मेजबान बुलंदशहर और कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के बीच खेला गया। बुलंदशहर के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए गौतमबुद्धनगर को 42-29 के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ ही बुलंदशहर ने मेरठ जोन-2026 की ट्राफी अपने नाम कर जनपद का गौरव बढ़ाया। महिला वर्ग में मेरठ की टीम ने गाजियाबाद को हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
वहीं, हैंडबॉल में मेरठ की टीमों ने अपना दबदबा बनाए रखा। पुरुष वर्ग के फाइनल में मेरठ ने कड़े संघर्ष के बाद बुलंदशहर को पराजित किया, जबकि महिला वर्ग में मेरठ की टीम ने हापुड़ को हराकर स्वर्ण पदक जीता। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसएसपी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक दक्षता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम वर्क की भावना भी पैदा करते हैं। इस अवसर पर एसपी ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह, सीओ सिटी प्रखर पांडेय और प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।