बुलंदशहर। साइबर थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदातों में प्रयुक्त करीब 14 मोबाइल फोन, प्रिंटर व अन्य सामान बरामद किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों का चालान कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसपी क्राइम नरेश कुमार ने बताया कि 17 जुलाई 2025 को यमुनापुरम कालोनी निवासी आयुषी सिन्हा ने थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वादिया ने बताया था कि उन्होंने बैंक में नौकरी के लिए बीते दिनों आवेदन किया था। उनके पास एक कॉल आया और आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी के नाम पर अलग-अलग खातों में करीब 2,16,800 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
साइबर थाना पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार निवासी गांव बेतिया मनुवापुर जिला पश्चिमी चम्पारण, बिहार व सचिन कुमार निवासी सींघना कीथम थाना सिकंदराबाद, आगरा को महाराणा प्रताप तिराहा निकट तहसील सदर के पास से दबोच लिया। एसपी क्राइम ने बताया कि पूछताछ कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।