गांव सुनेहरा में अनधिकृत कालोनी को ध्वस्त करता प्राधिकरण का बुलडोजर। स्रोत : प्राधिकरण
बुलंदशहर। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने मंगलवार को सदर तहसील क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान गांव सुनेहरा में 36 बीघा में विकसित की जा रहीं चार अनधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। साथ ही एक अवैध निर्माण कार्य को भी सील कर दिया गया।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने बताया कि अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। मंगलवार को दल को सदर तहसील क्षेत्र भेजा गया था। गांव सुनेहरा में शिव मंदिर रोड पर सतीश प्रधान व कुशल पाल 12 बीघा में कॉलोनी काट रहे थे। नौसाना रोड पर मोहम्मद माजिद आठ बीघा में और मोहम्मद जाहिद चार बीघा में अनधिकृत कॉलोनी विकसित कर रहे थे। दोस्तपुर फ्लाईओवर के पास संजीत लोधी भी 12 बीघा भूमि में कॉलोनी बना रहे थे। इन सभी संचालकों ने कोई नक्शा स्वीकृत नहीं कराया था।
गांव सुनेहरा में पेट्रोल पंप के सामने सोनू का 300 वर्ग मीटर का निर्माण सील किया गया। यह निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किया जा रहा था। प्राधिकरण ने लोगों को अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदने की सलाह दी है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कार्य न करने की चेतावनी भी दी गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।