बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को छात्रा से छेड़छाड़ के बाद युवक का सिर मुंडवाने के मामले में मंगलवार को आरोपी युवक के भाई अहसान अली ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। अहसान अली का आरोप है कि दोनों युवकों ने न केवल उसके भाई के साथ मारपीट की बल्कि सार्वजनिक रूप से उसकी बेइज्जती करने के इरादे से जबरन मुंडन कर दिया और दाढ़ी-मूंछ भी काट दी।
छह अक्तूबर को कोतवाली देहात क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी 12 वर्षीय पुत्री के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए गांव के ही युवक युसूफ को पकड़ लिया था। आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक को पकड़ने के बाद उसकी पिटाई की और सिर मुंडवाने के साथ-साथ दाढ़ी-मूंछ भी काट दिए थे। इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया था।
मामले में मंगलवार को अहसान अली ने देहात कोतवाली में तहरीर दी। अहसान अली का आरोप है कि उसका भाई युसूफ गांव से रजवाहे की ओर जा रहा था, तभी दोनों आरोपियों ने उसे रोका और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी और उसके सिर, दाढ़ी और मूंछ मुंडवा दी।
देहात कोतवाली पुलिस ने अहसान अली की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।