छतारी। हत्या के मामले में जमानत पर छूट कर आए आरोपी ने गवाह के साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़ित किसान ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
सुल्तानपुर बिलौनी गांव निवासी प्रदीप ने बताया कि वर्ष 2022 में उनके ताऊ के बेटे रघुवीर की हत्या कर दी गई थी। इसमें गांववासी शिशुपाल और उसके बेटे आरोपी हैं, जिनका केस बुलंदशहर न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में पीड़ित गवाह है। इसी के चलते आरोपी पक्ष उनपर कई बार गवाही बदलने का दबाव बना चुका है।
आरोप है कि पीड़ित ने ऐसा करने के लिए इन्कार किया तो आरोपी उनको अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। छह जून को पीड़ित अपने प्लॉट पर सफाई कर रहा था। तभी न्यायालय से जमानत पर छूट कर आया शिशुपाल, उसका बेटा नरेंद्र, रवि, लोकेश और पत्नी कमलेश लाठी-डंडा लेकर आए। आरोप है कि प्लॉट को अपना बताकर पीड़ित के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आए अन्य लोगों ने बीच बचाव कर पीड़ित को बचाया।
थाना पुलिस ने मारपीट की धारा में चालान कर दिया। अब आरोपी पीड़ित को लगातार धमकी दे रहे हैं, जिसके बाद पीड़ित ने फिर से थाने में तहरीर दी। सीओ डिबाई शोभित कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मारपीट व धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।