किशोरी का अंतिम संस्कार, हत्यारोपी का चल रहा इलाज
नरौरा। नगर की बिजाऊ नई बस्ती में एक युवक द्वारा दूसरे मोहल्ले की एक किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। पुलिस ने हत्यारोपी द्वारा फेसबुक पर डाले गए वीडियो में जिम्मेदार ठहराए गए शख्स और उसके भाई को भी थाने बुलाकर पूछताछ की है। किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया है जबकि आत्महत्या का प्रयास करने वाले हत्यारोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
शुक्रवार को बिजाऊ नई बस्ती निवासी युवक टीकम सिंह ने अपने बंद पड़े मकान में बुलाकर एक किशोरी की हत्या के बाद खुद भी जहर खा लिया था। हत्यारोपी ने करीब डेढ़ घंटे पहले किशोरी से बातचीत की एक वीडियो और चार पन्ने का एक नोट बनाकर भी फेसबुक पर अपलोड किया था। किशोरी के पिता ने हत्यारोपी टीकम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। किशोरी का शव शनिवार को पोस्टमार्टम के नगर में लाया गया। इस दौरान पुलिस बल भी वहां मौजूद रहा। गंगा तट पर मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने बांसीघाट के एक व्यक्ति और उसके भाई को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया। एसएचओ अमर सिंंह ने बताया कि मृतका के शव का परिजनों से अंतिम संस्कार कर दिया है। नामजद अरोपी टीकम प्रजापति का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
बच्चों के मनोभाव और व्यवहार में बदलाव पर हों सतर्क
जिला अस्पताल में तैनात मनोरोग विशेषज्ञ डॉक्टर स्वाति यादव ने कहा कि आरोपी ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया वह यकायक नहीं था। उसके मानसिक व्यवहार में बीते कुछ दिनों से परिवर्तन आए होंगे और यह परिवर्तन उसके ऊपर सोशल मीडिया या फिर अपने आस पड़ोस के लोगों के बर्ताव आदि से भी आए हो सकते हैं। ऐसे में परिजनों को ध्यान रखना चाहिए कि उनके बच्चे के व्यवहार में क्या बदलाव आ रहे हैं। बच्चे में आ रहे बदलावों के संबंध में मनोचिकित्सक से राय अवश्य लेनी चाहिए।