गोशाला में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : BULANDSHAHR
गोशाला में दो दिन भूखे-प्यासे रहे गोवंश
औरंगाबाद। क्षेत्र के गांव नंगलाकरन की गोशाला में अव्यवस्था देख ग्रामीण भड़क उठे और हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो दिन से गोशाला में गोवंशों को पानी की व्यवस्था नहीं है और न ही गोवंशों को चारा दिया जा रहा है।
गांव नंगलाकरन की गोशाला में चारे व पानी की अव्यवस्था को देख शनिवार को ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिन से गोवंशों को न तो चारा दिया जा रहा है और न ही पानी की व्यवस्था की गई है, जिस कारण गोवंश चारे व पानी के लिए गोशाला में भटक रहे हैं। दो गोवंशों की बीमारी के कारण हालत खराब है। एक गोवंश खोर में पड़ा था और दूसरा गोवंश गोशाला परिसर में खुदी खाई में पड़ा था। इसी मामले में लखावटी पशु चिकित्सक प्रभारी डॉ. चंद्रजीत सिंह से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने गोशाला में गोवंशों की संख्या 76 बताई, जबकि गोवंशों की संख्या 72 निकली। गोशाला में गोवंश बीमार नहीं बल्कि कमजोरी के कारण उठ नहीं पा रहे हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है।
क्षेत्र के गांव नंगलाकरन की गोशाला में अव्यवस्था की शिकायत मिली है, इसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- श्रीपाल सिंह, एडीओ पंचायत लखावटी