किशोरी को अगवा कर रातभर बनाया बंधक, छेड़छाड़
सिकंदराबाद। नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय किशोरी का पड़ोस के ही एक युवक ने अपहरण कर लिया। आरोपी ने रात भर उसे एक स्थान पर बंधक बनाकर रखा और उसके साथ अश्लीलता की। सुबह किशोरी किसी तरह भागकर घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा है।
नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। रविवार रात करीब आठ बजे उसकी 14 वर्षीय पुत्री किसी काम से घर से बाहर गई थी। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। सुबह करीब सात बजे किशोरी बदहवास हालत में घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। उसने बताया कि जब वह घर से निकली थी तो मोहल्ला निवासी जीशान उसे अगवा कर एक खंडहरनुमा मकान में ले गया। यहां जीशान ने उसे रात भर बंधक बनाए रखा और अश्लीलता की। साथ ही परिजनों या किसी को भी घटना के बारे में बताने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूट कर भागी है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
रात में पुलिस को किशोरी के लापता होने की नहीं दी सूचना
बताया गया कि किशोरी के लापता होने के बाद परिजन उसे खुद ही ढूंढ रहे थे। रिश्तेदारी और उसकी सहेलियों से भी पूछताछ की गई। लेकिन, कोई सुराग नहीं लगा । इसके बावजूद परिजनों ने पुलिस को मामले से अवगत नहीं कराया।
200 मीटर दूरी पर बंधक बनाई थी किशोरी
किशोरी ने बताया कि आरोपी ने उसे जिस स्थान पर बंधक बनाकर रखा था वह उसके घर से बमुश्किल दो सौ मीटर की दूरी पर है। मकान खंडहर जैसा होने के कारण किसी का उस ओर ध्यान नहीं गया।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी जीशान के खिलाफ अगवा करने, बंधक बनाने, छेड़छाड़ करने की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्त के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। - नम्रता श्रीवास्तव, सीओ सिकंदराबाद