याचिका खारिज होने के बाद रिलीव किए 181 शिक्षक
बुलंदशहर। समायोजन पर कोर्ट का निर्णय आने के बाद बीएसए ने जनपद के 181 शिक्षकों को रिलीव करने के आदेश जारी कर दिए हैं। शासन ने तत्काल शिक्षकों को रिलीव कर संबंधित स्कूलों में तैनात कराने के बीएसए को निर्देश दे दिए हैं। अब सभी एबीएसए की ओर से उक्त शिक्षकों को कार्य मुक्त करके उन्हें समायोजित स्कूलों में भेजना होगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शासन के आदेश पर गत वर्ष शिक्षकों का समायोजन हुआ था। इसमें छात्र संख्या के अनुपात को देखते हुए शासन के आदेश पर बीएसए ने शिक्षकों का समायोजन किया और फिर इन्हें उक्त स्कूलों में ज्वाइन करने के आदेश दिए थे। लेकिन शिक्षक इस समायोजन के खिलाफ कोर्ट चले गए और तभी से मामले में सुनवाई चल रही थी। हाल ही में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने समायोजन को सही ठहराया है। कोर्ट के फैसले के बाद अब शासन ने समायोजित हुए 181 शिक्षकों को तत्काल समायोजित स्कूलों में तैनात कराने के आदेश दिए हैं। इसके बाद बीएसए ने सभी शिक्षकों को रिलीव करना शुरू कर दिया है। बीएसए ने आदेश जारी कर सभी एबीएसए को शिक्षकों को रिलीव करने के निर्देश दे दिए हैं। सभी एबीएसए द्वारा अब शिक्षकों को कार्य मुक्त करके उन्हें समायोजित स्कूलों में भेजा जा रहा हैं। ज्वाइन करने के बाद बीएसए को डीएम के पास रिपोर्ट भेजनी होगी। ज्वाइन न करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
शासन से समायोजन वाले शिक्षकों को तैनात कराने के आदेश आ गए हैं। सभी एबीएसए को इसके लिए निर्देश दे दिए हैं। शिक्षक स्कूलों में जाकर ज्वाइन कर लें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यभार ग्रहण कराने के बाद रिपोर्ट सौंप दें।
- अखंड प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी