संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। राजेबाबू रोड स्थित मुस्लिम मार्केट में एक चाय विक्रेता ने साथियों के साथ मिलकर अधिवक्ता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान अधिवक्ता की सोने की चेन और हजारों की नकदी भी गायब हो गई। अधिवक्ता ने आरोपी चाय विक्रेता और उसके दो साथियों क खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव मऊखेड़ा निवासी आमिर खान ने बताया कि वह पेशे से अधिवक्ता है। गत 11 सितंबर की दोपहर को मुस्लिम मार्केट स्थित दिलशाद चाय वाले की दुकान पर वह चाय पीने गया था। वहां, उसने एक आरोपी अमन से जल्दी चाय लाने के लिए बोल दिया। इस पर चाय विक्रेता दिलशाद, अमन और इंशाद ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने का विरोध करने पर आरोपियों ने दूध उबालने वाले पलटे और लात-घूंसों से उस पर जानलेवा हमला कर उसकी पिटाई कर दी। हमले के दौरान उसकी सोने की चेन और 15 हजार रुपये की नकदी भी गायब हो गई। नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।