डिबाई। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महादेव स्थित शिव कॉलोनी में एक व्यक्ति ने सोमवार सुबह अपने ही घर पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने सुसाइड नोट लिखकर अपने परिवार के सदस्यों के व्हाट्सएप पर भेज दिया। सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए उनका मकान हड़पने वाले तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शाम तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
मोहल्ला महादेव स्थित शिव कॉलोनी निवासी शिवदत्त शर्मा (55) टैक्सी चालक थे। उनकी पत्नी रचना शर्मा नगर के मथुरिया कन्या इंटर कॉलेज में होम साइंस की अध्यापिका हैं। उनका इकलौता अविवाहित पुत्र नीतीश गौड़ गाजियाबाद में आईटीसी कंपनी में कार्यरत है। दो पुत्रियों ज्योति व दिशा की शादी हो चुकी है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे उनकी पत्नी रचना प्रतिदिन की तरह अपने स्कूल चली गई थीं। शिवदत्त घर पर अकेले थे। सुबह करीब 10 बजे शिवदत्त ने अपनी पुत्री, पुत्र और पत्नी के व्हाट्सएप नंबर पर एक सुसाइड नोट भेजा। जिसमें उन्होंने लिखा था कि नगर के ही तीन लोग उनकी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार हैं। जिन्होंने जबरन उनके मकान का बैनामा कराकर हड़पने की कोशिश की है। आरोपी अब रुपये मांगने पर उन्हें धमका रहे हैं। जिससे वह काफी आहत हैं। आरोपियों ने उनके करीब साढे 18 लाख रुपए भी हड़प लिए हैं। मेसेज देखने के बाद उनकी पत्नी रचना व बेटी घर पहुंचे तो उनका शव प्रथम तल पर फंदे से लटका हुआ था।
क्यों उठा लिया तुमने ये कदम
रचना का पति की मौत के बाद से रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सुबह आठ बजे कॉलेज गई थीं। उनके पति ने दस बजे परिवार के सभी सदस्यों को व्हाट्सएप पर अपना सुसाइड नोट भेजा। उन्हें 10:30 बजे घटना की जानकारी हुई। वह पति के शव के पास बैठकर बार-बार कह रही थीं कि अभी तो गई थी घर से.. तो फिर यह कदम उठाने की क्या जरूरत थी।
मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। मृतक ने जो सुसाइड नोट परिजनों को भेजा है, उसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, प्रभारी एसएसपी