खुर्जा जंक्शन। पुरानी दिल्ली से चलकर टूंडला जाने वाली टीएडी पैसेंजर ट्रेन रोजाना डेढ़ से दो घंटे देरी से आ रही है। ऐसे में शाम के समय अलीगढ़ की ओर जाने वाले दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दस दिन पहले यात्रियों ने डीआरएम से भी शिकायत की थी, लेकिन अभी तक कोई सुधार नहीं हो सका।
खुर्जा नगर निवासी दैनिक यात्री नितिश ने बताया कि पुरानी दिल्ली से चलकर गाजियाबाद होते हुए टूंडला जाने वाली टीएडी पैसेंजर ट्रेन खुर्जा जंक्शन होकर गुजरती है। इस ट्रेन का खुर्जा में आने का समय तीन बजकर 45 मिनट है लेकिन यह ट्रेन रोजाना पांच बजे के बाद ही खुर्जा पहुंचती है। ऐसे में यात्रियों को डेढ़ से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।
यात्री सृष्टि का कहना है कि खुर्जा से अलीगढ़, हाथरस व टूंडला से रोजाना सैकड़ों यात्री आना जाना करते हैं। अलीगढ़ की ओर जाने के लिए खुर्जा से सुबह साढ़े दस बजे एक पैसेंजर ट्रेन जाती है। इसके बाद पूरे दिन अन्य कोई ट्रेन नहीं है। शाम पौने चार बजे की टीएडी पैसेंजर ट्रेन हैं, जो देरी से आती है। यदि सुबह की ट्रेन छूट जाए तो यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
यात्री आनंद का कहना है कि दस दिन पहले खुर्जा जंक्शन पर आए डीएआरएम से इस संबंध में शिकायत की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। स्टेशन अधीक्षक घनश्याम मीणा का कहना है कि पैसेंजर ट्रेन के देरी से आने की समस्या के विषय में उच्चाधिकारियों को जानकारी है। प्रयास किया जा रहा है कि ट्रेन अपने निर्धारित समय से स्टेशन पर पहुंचे।