बंदी के आदेश के बावजूद खुले स्विमिंग पूल, वीडियो वायरल
बुलंदशहर। जनपद में बंदी के आदेश के बावजूद स्विमिंग पूल का संचालन किये जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। सदर तहसील क्षेत्र स्थित एक स्विमिंग पूल के संचालन का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में करीब 20 लोग स्विमिंग पूल में नहाते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने पर एसडीएम ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गत एक वर्ष पूर्व कोरोना संक्रमण शुरू होने पर शासन द्वारा स्विमिंग पूल का संचालन बंद रखने का आदेश जारी किया गया, जो अभी भी जारी है। सोशल मीडिया पर सदर तहसील क्षेत्र के सहकारी नगर स्थित एक स्विमिंग पूल में लोगों के नहाने का वीडियो वायरल हो रहा है। स्विमिंग पूल के संचालन से जहां कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन किया जा रहा है, वहीं दूसरी और स्विमिंग पूल में यदि कोई कोरोना संक्रमित के लक्षण या एलर्जी पीड़ित आ गया तो वह अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले सकता है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि स्विमिंग पूल में तैराकी या स्नान करने से पूर्व कुछ गाइडलाइन होती है। स्वस्थ्य प्रमाणपत्र के बाद संबंधित व्यक्ति को प्रवेश देने का नियम है। यदि किसी को एलर्जी की बीमारी है तो उस व्यक्ति को स्विमिंग से दूर रहना चाहिए।
स्विमिंग पूल की शिकायत मिली है। मामले में पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अन्य स्थानों पर यदि स्विमिंग पूल का संचालन हो रहा है तो संबंधित को बंद कराने के साथ कार्रवाई की जाएगी।
- आशीष कुमार सिंह, एसडीएम सदर