पत्नी की कोरोना से हुई मौत, 40 दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं
बुलंदशहर। सदर तहसील क्षेत्र निवासी एक युवक ने पत्नी की कोरोना संक्रमण के चलते मौत होने की बात कही है। लेकिन अभी तक उसे कोरोना से मौत होने की रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। उसने स्वास्थ्य अफसरों पर कोविड से मौत होने की रिपोर्ट न देने का आरोप लगाया है।
सहकारी नगर क्षेत्र के गांव मुरसाना निवासी प्रकाशवीर सिंह ने बताया कि 28 अप्रैल को पत्नी सुनीता का स्वास्थ्य खराब होने पर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लेकर गया। जहां चिकित्सकों द्वारा कोविड जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। साथ ही ऑक्सीजन लेवल 48 के करीब होने पर एल-1 वीआईआईटी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आरोप है कि वीआईआईटी अस्पताल में कोई भी चिकित्सक नहीं मिला और 30 मिनट बाद ही पत्नी ने दम तोड़ दिया। इसके बाद जिला अस्पताल आने पर पत्नी के शव को किट में पैक करके दे दिया। उसी दौरान जांच कराने पर स्वयं भी कोरोना पॉजिटिव मिला। आरोप है कि पत्नी की मौत की रिपोर्ट की मांग करने पर चिकित्सकों द्वारा दाह संस्कार कराने के बाद ले जाने की बात कही गई। पत्नी के अंतिम संस्कार और खुद का कोविड उपचार कराने के बाद से वह रिपोर्ट की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक नहीं मिली। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि युवक की पत्नी की मौत अस्पताल जाने से पूर्व हो गई थी। मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए युवक ने अभी तक कोई आवेदन नहीं किया है और न ही रिपोर्ट मांगी है।