कम बकाया गन्ना भुगतान करने पर मंत्री की मिल अफसरों को फटकार
बुलंदशहर। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा बृहस्पतिवार को जनपद में पहुंचे। उन्होंने यहां पर लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में जनपद के किसानों का गन्ना खरीदने वाली आठ चीनी मिलों द्वारा बकाया गन्ना भुगतान की समीक्षा की। उन्होंने 50 फीसदी से कम भुगतान पर मिल अफसरों को फटकार लगाते हुए नया गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले बकाया गन्ना भुगतान करवाने के आदेश दिए।
प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने विभागीय अफसरों के साथ जनपद की वेव शुगर मिल, अगौता की अनामिका शुगर मिल, अनूपशहर की दि सहकारी चीनी मिल और साबितगढ़ मिल के अलावा जिले के गन्ना किसानों का गन्ना खरीद करने वाली हापुड़ की ब्रजनाथपुर और सिम्भवली, अमरोहा और चंदनपुर चीनी मिल द्वारा अब तक गन्ना पेराई सत्र 2019-20 में किए गए भुगतान की समीक्षा की। वेव, बृजनाथपुर और सिंभावली मिल द्वारा अभी तक फीसदी से कम भुगतान किए जाने पर गन्ना मंत्री ने मिल अफसरों को फटकार लगाई और पेराई सत्र शुरू होने से पहले भुगतान के आदेश दिए। उन्होंने चीनी मिलों में रखी चीनी के बारे में भी जानकारी ली। भुगतान न होने पर चीनी मिलों को नोटिस देने की कार्रवाई के बारे में डीसीओ से जानकारी ली। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने विभागीय और मिल अफसरों से साफ शब्दों में कहा कि किसानों का बकाया गन्ना भुगतान जल्द से जल्द करवाया जाए। उन्होंने अफसरों से नए पेराई सत्र 2020-21 के बारे में भी जानकारी ली है। इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी समेत सभी चीनी मिलों के अफसर शामिल रहे।