मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा एसटीपी प्लांट
बुलंदशहर। जनपद वासियों के लिए खुशी की बात है। जल निगम द्वारा बनवाया जा रहा एसटीपी प्लांट मार्च माह तक पूरा हो जाएगा। इसके बनने के बाद किसानों को सिंचाई के लिए पानी की किल्लत खत्म हो जाएगी। प्लांट बनने के बाद सीवर के पानी को प्यूरीफाई कर खेतों में और कालीनदी में प्रवाहित किया जाएगा। वहीं, सीवर के वेस्ट से जो खाद बनेगी वह भी फसल के लिए बेहद उपयोगी होगी।
नगर में अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। सारी लाइन जुड़कर नगर के मामन रोड पर बन रहे एसटीपी प्लांट पर जाकर समाप्त हो रही है। जल निगम के अफसरों की माने तो मार्च माह तक एसटीपी प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा। बताया कि इसके जरिए नगर के सारे गंदे पानी जो सीवर लाइन से होकर प्लांट तक पहुंचेगा उसे प्यूरीफाई किया जाएगा। जो पानी साफ किया जाएगा उसका उपयोग खेती के लिए होगा। इसके लिए सिंचाई विभाग से वार्ता चल रही है। वहीं, इसके पानी को काली नदी में भी प्रवाहित किया जाएगा। इसके कारण काली नदी का जो पानी गंदा और सिल्ट युक्त हो गया है वह धीरे-धीरे साफ हो जाएगा। बताया कि काली नदी का पानी यमुनानदी में जाकर मिलता है। जिसकी वजह से यमुना भी गंदी हो गई है। एसटीपी बनने से काली नदी में गिरने वाली गंदगी भी बंद हो जाएगी। आने वाले समय में जनपद के किसानों को सिंचाई के पानी के लिए तरसना नहीं पड़ेगा।
खाद देगी खेतों को संजीवनी
जल निगम के अफसरों ने बताया कि एसटीपी प्लांट के जरिए जो गंदगी साफ होगी। उससे खेतों में डालने के लिए खाद तैयार की जाएगी। जिससे मिट्टी की पैदावार बढ़ेगी। बताया कि अब किसान जो केमिकल की खाद अपने खेतों में डाल रहा है, उसके जरिए पानी खेतों में नहीं रुक पाता है। जबकि अच्छी फसल के लिए खेतों मे पानी रुकना बेहद जरूरी है। इस खाद को खेतों में डालने के बाद पानी रुक जाएगा और किसानों को अच्छी फसल मिल जाएगी। केमिकल वाली खाद डालने के लिए जितने घंटे किसान का नलकूप चलता है, एसटीपी की खाद के बाद उससे आधे घंटे ही नलकूप चल पाएगा।
मार्च में ही नगर वासियों को मिल जाएगी खुदाई से राहत
जल निगम के एक्सइएन एसके शर्मा ने बताया कि मार्च माह में ही नगर वासियों को सीवर लाइन की खुदाई से राहत मिल जाएगी। बताया कि मार्च तक सीवर लाइन डालने का कार्य पूरा हो जाएगा। साथ ही नगर की सभी सड़कें भी ठीक करवा दी जाएगी। बता दें कि सीवर लाइन द्वारा चल रही खुदाई से आमजन काफी त्रस्त है।
मार्च माह में एसटीपी का निर्माण कार्य समाप्त हो जाएगा। इसके बाद वहां सीवर के पानी को प्यूरीफाई कर सिंचाई के लिए तैयार कर लिया जाएगा। वहीं, खाद भी उपलब्ध कराई जाएगी। खाद किसानों को लिए बहुत लाभदायक होगी।
एसके शर्मा, एक्सईएन जल निगम