खुर्जा के एनआरईसी डिग्री कॉलेज में परीक्षा छूटने के बाद मायूस खड़े छात्र-छात्राएं । संवाद
खुर्जा। एनआरईसी कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा देने आए 12 से अधिक छात्र-छात्राओं की एडमिट कार्ड न मिलने पर परीक्षा छूट गई। ऐसे में विद्यार्थी पूरे दिन कॉलेज में चक्कर काटते रहे। परीक्षार्थी मायूस होकर लौट गए। इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन ने दोबारा फार्म भरवा कर परीक्षा कराने का आश्वासन दिया।
बीए प्रथम वर्ष के छात्र हिमांशु ने बताया कि उन्होंने करीब 20 दिन पहले प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा फार्म भरा था। सोमवार 16 दिसंबर को अंग्रेजी प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। करीब तीन दिन से सीसीएसयू की वेबसाइट से एडमिट कार्ड निकालने का प्रयास कर रहे थे, मगर वह मिला नहीं। सोमवार सुबह कॉलेज गए तो वहां भी नहीं था।
इसी तरह उनकी कक्षा के 16 छात्र-छात्रा ऐसे थे, जिन्हें एडमिट कार्ड नहीं मिले। सभी छात्र-छात्राओं ने प्राचार्या से शिकायत की। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में संपर्क किया। जिसके बाद चार विद्यार्थियों के 12 बजे एडमिट कार्ड ऑनलाइन भेज दिए गए, मगर 12 छात्र-छात्राएं परीक्षा देने से वंचित रह गए। इनको दोबारा परीक्षा फार्म भरने के लिए कहा गया है। छात्रा सिमरन का कहना है कि उन्होंने परीक्षा फार्म निर्धारित अंतिम तारीख से पहले भरकर जमा किया था, इसके बावजूद एडमिट नहीं मिला।
वहीं, छात्रा शिवानी का कहना है एक परीक्षा छूट गई। अब इसमें अनुपस्थिति आ जाएगी, जिसको क्लियर कराने में विवि के चक्कर काटने पड़ेंगे। इसके अलावा छात्रा राशि ने बताया कि करीब 12 बजे उसको एडमिट कार्ड देकर परीक्षा कक्ष में भेजा गया और एक बजे परीक्षा खत्म हो गई। ऐसे में प्रश्नपत्र आधे से ज्यादा छूट गया।
कॉलेज प्राचार्या वैशाली गुप्ता ने बताया कि कुछ परीक्षार्थियों ने परीक्षा फार्म नहीं भरे थे और कुछ ने देरी से दिए थे। इस वजह से एडमिट कार्ड रुक गए है। विश्वविद्यालय को अवगत कराया गया है। प्रयास किया जा रहा है कि छात्र-छात्राएं अगले विषय की परीक्षा दे सकें।