बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक द्वारा इंटरमीडिएट की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोपी युवक छात्रा का स्कूल आते-जाते समय पीछा करता था और विरोध पर जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री क्षेत्र के ही एक स्कूल में कक्षा 12 की छात्रा है। गांव बहलीमपुरा निवासी अजय पिछले काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहा है। आरोपी स्कूल आते-जाते समय बेटी का रास्ता रोकता था और अश्लील फब्तियां कसता था। हद तो तब हो गई जब आरोपी छात्रा के गांव तक पहुंच गया और उसके साथ सरेआम छेड़छाड़ की।
छात्रा ने जब युवक की इस हरकत का विरोध किया और शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र होने लगे। खुद को घिरता देख आरोपी युवक छात्रा को देख लेने और जानमाल का नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हुए भाग गया। घटना के बाद से छात्रा और उसका परिवार दहशत में हैं। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी अजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।