नगर गांव में बिजली गिरने से तीन छात्र बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्र के गांव नगर निवासी दिनेश का पुत्र सत्यप्रकाश (18) सुरजावली स्थित इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र है। सोमवार देर शाम वह अपने दोस्तों के साथ गांव के ही मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान तेज आंध- बारिश के साथ गर्जन के साथ बिजली गिर पड़ी। बिजली गिरने से सत्यप्रकाश, उसका दोस्त विक्रम और सुबोध झुलस गए।
दोस्तों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे और तीनों को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां सत्यप्रकाश की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक अस्पताल ले जाते समय सत्यप्रकाश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन मुनि गांव स्थित सरकारी चिकित्सालय पहुंचे, जहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया गया।