सब कुछ ठीक रहा तो सड़क किनारे फल और सब्जी विक्रेताओं के रेहड़ी-ठेले नहीं दिखाई देंगे। शहर में स्ट्रीट वेंडर जोन विकसित किए जाएंगे। स्ट्रीट वेंडर जोन में ही रेहड़ी-ठेली से फल और सब्जियों की बिक्री होगी। इस व्यवस्था से शहर में काफी हद तक जाम का काम तमाम हो जाएगा।
रोड साइड खड़ी रेहडियों और ठेलियों से यातायात प्रभावित होता है। अंसारी रोड, अस्पताल रोड, दिल्ली रोड और डीएम रोड के किनारे ठेली और रेहड़ी खड़े होने से ट्रैफिक जाम रहता है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर में जगह जगह स्ट्रीट वेंडर जोन चिंहित किए जाएंगे।
स्ट्रीट वेंडर जोन में बिजली, पानी और अस्थायी ठियों की व्यवस्था शासन स्तर से की जाएगी। इस संबंध में शासन स्तर से एनजीओ के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा चुके हैं। चार या पांच एनजीओ ने आवेदन भी कर दिया है। इनमें से ही किसी एक को स्ट्रीट वेंडर जोन स्थापित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
परियोजना अधिकारी डूडा एएम खान ने बताया कि स्ट्रीट वेंडर को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी एनजीओ की होगी। लखनऊ में ट्रेनिंग के लिए वेंडर को बुलाया जाएगा।
हालांकि, वेंडर से इस मद में कुछ शुल्क भी वसूला जाएगा। जोन चिंहित होने के बाद सड़क किनारे वाले स्ट्रीट वेंडर को हटाया जाएगा। इस संबंध में डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को आदेश भी दे दिया है।
दनकौर तिराहे के सौ मीटर के दायरे में नहीं लगेंगे रेहड़ी-ठेले
हाईवे को जाम मुक्त बनाने की कवायद में लगे प्रशासन ने दनकौर तिराहे के सौ मीटर के दायरे में रेहड़ी-ठेला को प्रतिबंधित कर दिया है। एसडीएम ने दनकौर तिराहे के सौ मीटर के दायरे में रेहड़ी-ठेला लगाने वालों का सामान जब्त कर चालान की कार्रवाई के आदेश दिए है।
बता दें कि नगर को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए पालिका ने शुक्रवार से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। हाईवे पर लगने वाले जाम के मुख्य कारणों में से दनकौर तिराहे पर अतिक्रमण भी एक बड़ा कारण है। दनकौर तिराहे पर अतिक्रमण से हाईवे पर अक्सर जाम लगता है।
एसडीएम अरुण कुमार यादव ने हाईवे पर जाम से निपटने के लिए दनकौर तिराहे पर स्मूत ट्रैफिक योजना बनाई है। योजना के तहत दनकौर तिराहे के सौ मीटर के दायरे में रेहडी- ठेला, डग्गामार वाहनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
उन्होंने टीम गठित कर दनकौर तिराहे पर रेहडी- ठेला लगाने वालों का सामान जब्त करने के साथ ही चालान की कार्रवाई के आदेश दिए है। साथ की डग्गामार वाहनों पर रोकने लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को वाहन सीज करने के आदेश दिए गए।
स्ट्रीट वेंडर जोन को लेकर काम शुरू कर दिया गया है। नगर पालिकाओं को स्ट्रीट वेंडर जोन के लिए साइट चिंहित करनी है। योजना के तहत वेंडर्स को ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
- एएम खान, परियोजना अधिकारी, डूडा