औरंगाबाद से घायल शब्बीर। स्रोत: परिजन
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव सैदपुरा में बेसहारा गोवंश ने वृद्ध शब्बीर पर हमला कर जमीन पर पटक दिया। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखावटी ब्लॉक क्षेत्र के गांव सैदपुरा में बेसहारा गोवंश खुलेआम में घूम रहे हैं। आए दिन लोगों को घायल कर रहे हैं। सोमवार को गांव सैदपुरा निवासी शब्बीर बुलंदशहर से सामान लेकर पैदल गांव आ रहे थे। गांव में ही एक सांड़ ने हमला कर दिया। उसने सींग से उठाकर शब्बीर को जमीन पर पटक दिया। शोर सुनकर मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने उन्हें बचाया।
चिकित्सकों ने बताया कि शब्बीर के शरीर में तीन जगह फ्रैक्चर आए हैं। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीण नरेश तेवतिया ने बताया कि गांव में बेसहारा गोवंश एक सप्ताह में चार किसानों पर हमला बोल चुके हैं। ब्लॉक के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी गोवंश को पकड़ा नहीं गया है। बीडीओ लखावटी सोमैया आलोक ने बताया कि बेसहारा गोवंशों को पकड़वाकर गोशाला भिजवाया जाएगा।