आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने सोमवार को राजेबाबू पार्क में बैठक कर शासन और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट और विकास भवन पहुंचीं। जहां डीएम और सीडीओ को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शहर की रफ्तार रुक गई। यह स्थिति सुबह दस बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक रही।
जिले की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं पिछले कई दिनों से अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलनरत हैं। सोमवार को जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाएं राजेबाबू पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल हुईं। यहां पर बड़ी संख्या में कार्यकत्रियों के पहुंचने से कालाआम चौराहे पर जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
यहां से करीब एक बजे आंगनबाड़ी और सहायिकाएं जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट की ओर बढ़ी तो कालाआम से कलक्ट्रेट तक वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम लग गया। हालांकि पुलिस ने जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया मगर दोपहर बाद तीन बजे तक जाम की स्थिति बनी रही।
उधर, आंगनबाड़ी महासभा की जिलाध्यक्ष सावित्री यादव का कहना है कि मांगों को लेकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाआें से आह्वान किया कि वह अपने हक की लड़ाई के लिए तैयार रहें। सावित्री यादव ने शासन से उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है। जिला संयोजक विकास शर्मा ने उनकी मांग को जायज बताते हुए पूरा करने की मांग की। इस मौके पर मुजाहिद अंसारी, संजय मित्तल, उपेंद्र शर्मा, शैलेंद्र सिंह, धीरज सिंह आदि मौजूद रहे।