बुलंदशहर। शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए राज्य व मंडल स्तरीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा जारी की गई है। जनपद स्तर पर क्रीड़ा समिति की बैठक के बाद प्रतियोगिताओं का तिथि निर्धारण व संचालन की जिम्मेदारियां तय की गईं।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, अशासकीय एवं स्ववित्तपोषित हाईस्कूल व इंटर कॉलेजों को अपने छात्र-छात्राओं की न्यूनतम दो खेलों में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खेल एवं शारीरिक शिक्षकों को शिक्षण कार्यों से मुक्त रखने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही खेल प्रतियोगिताओं की शुरूआत होगी। बताया कि 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित खेलों में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने के निर्देश हैं।
राज्य स्तरीय पदक विजेताओं को एकलव्य क्रीड़ा कोष के तहत प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन करना होगा। इसकी सूचना संबंधित विद्यालय कार्यालय को समय से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जनपद स्तरीय खेलों के संचालन व्यवस्था के लिए विद्यालयों को रैली अंशदान जमा कराना होगा। पांच अगस्त 2025 तक की छात्र संख्या के आधार पर तीन माह का क्रीड़ा अंशदान, एक माह का रेडक्रॉस अंशदान और दो माह का स्काउट व गाइड अंशदान जमा किया जाना है। पर्ची की प्रमाणित प्रति व छात्र संख्या विवरण कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।