जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि, तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। वहीं, घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर कार को भी कब्जे में ले लिया है।
कासगंज के थाना सहावर थाना क्षेत्र के गांव इतवारपुर निवासी प्रवीण (23), गांव निवासी रिश्तेदार युवती ज्योति (22) और अनमोल (19) निवासी खड़कपुर थाना हरपालपुर जिला हरदोई के साथ बाइक पर सवार होकर नोएडा से अपने घर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि देर रात करीब दस बजे वह तीनों जहांगीराबाद कोतवाली के निकट पहुंचे ही थे, तभी सामने से तेजगति से आ रही एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें ज्योति, अनमोल और प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाते ही तत्काल मौके पर पहुंची जहांगीराबाद पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी में चिकित्सकों ने ज्योति और अनमोल को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रवीण को गंभीर अवस्था में हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस ने आरोपी कार चालक निशांत निवासी गायत्री नगर को हिरासत में ले लिया है।
आरोपी चालक व कार को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- गिरजा शंकर त्रिपाठी, क्षेत्राधिकार, अनूपशहर