बुलंदशहर/जहांगीराबाद/गुलावठी/अनूपशहर। जिले के गिरजाघरों में बुधवार को क्रिसमस पर विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। मसीही समाज के लोगों ने उपवास रखकर प्रार्थना को और प्रभु यीशु के अंतिम सात वचनों का ध्यान किया। बच्चों ने सेंटा क्लॉज बनकर उपहार बांटे और केक काटकर खुशियां मनाईं। इस दौरान गिरिजाघरों में जिंगल-बेल, जिंगल बेल गूंजता रहा।
ऑल सेंट चर्च में पादरी रेव्ह कृपाल सिंह ने विश्व में शांति और भाईचारा कायम रखने के लिए विशेष प्रार्थना सभा कराई। बाइबल से पट वाचन के साथ क्रूस की उपासना और विशेष प्रार्थना की गई। कहा कि प्रभु यीशु मसीह की शिक्षा मानव जीवन को नैतिकता प्रदान करती है। क्रिसमस पर चर्च को रंग-बिरंगी झालरों और प्रभु यीशू के जन्म से जुड़ी झांकियों से सजाया गया। जिसकी भव्यता देखते ही बन रही थी।
नगर के ईंटा रोड़ी स्थित सेंट्रल मैथोडिस्ट गिरजाघर में पादरी राजेंद्र रोबट ने बाइबल से आत्मिक संदेश दिया। इस दौरान कैरल गाए गए। सात वचनों को प्रस्तुत किया गया। पादरी ने सभी से प्रभु यीशु के वचनों को अपनी जिंदगी में अमल करने की अपील की। इसके अलावा डीएम रोड, निर्मला कान्वेंट स्कूल और काली नदी रोड समेत अन्य गिरिजाघरों में भी विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। जहां पर बड़ी संख्या में बच्चों से लेकर बड़े तक शामिल हुए। वहीं, दूसरी ओर जिला जेल में भी क्रिसमस धूमधाम से मनाया गया। जेल प्रशासन की ओर से बंदियों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जहांगीराबाद के सेंट जोसफ स्कूल परिसर में बने चर्च में सबने प्रभु यीशु के आगमन के गीत गाए। प्रभु भोज भी हुआ। मंगलवार रात 12 बजे के बाद चर्च के परिसर में लोग जश्न में डूब गए। आतिशबाजी भी की गई। पादरी ने केक काटा। क्रिसमस ट्री भी सजाया गया। बुधवार को सुबह नौ बजे चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। इस मौके पर फादर डेनी, सुनील, सिस्टर समिधा, अंशु, डेजी, सिनोल, अर्चना, अंजू, पॉल, रज्जी, सरण, पूजा समेत तमाम ईसाई समुदाय के लोग मौजूद रहे।
अनूपशहर के दि गुरुकुल ए टैंपिल ऑफ एजुकेशन स्कूल में क्रिसमस डे मनाया गया। नन्ने-मुन्ने बच्चों ने सांता की ड्रेस में मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। गुलावठी लारेंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में क्रिसमस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक शोएब मेवाती, प्रबंधक सहीमुद्दीन मेवाती व प्रधानाचार्या सतपाल कौर ने किया। बच्चों के मनोरंजन के लिए डक झूला, मिक्की माउस, पॉपकोन, कैंडी की व्यवस्था की गई। प्रधानाचार्य सतपाल कौर ने कहा कि प्रभु ईसा मसीह के जीवन से हमें प्रेम, भाई-चारा व शांति की प्रेरणा मिलती है। उपप्रधानाचार्य शिवांगी अहलावत, कॉर्डिनेटर कंचन व रेखा अग्रवाल रहीं। संचालन नेहा चौधरी ने किया। उधर, सुरेश चंद अग्रवाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल में भी क्रिसमस मनाया गया। चेयरमैन वीके अग्रवाल, निदेशक मयंक अग्रवाल, प्रधानाचार्य नागेंद्र सिंह, शुभम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
THAR SUV बनी आग का गोला
THAR SUV बनी आग का गोला
THAR SUV बनी आग का गोला