टी-20 लीग के मैन आफ द मैच का पुरस्कार लेते खिलाड़ी। स्रोत : आयोजक
बुलंदशहर। नगर के खालसा स्कूल के क्रिकेट मैदान पर चल रही खालसा प्रीमियर टी-20 लीग का आयोजन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। तीसरे दिन एसएनएस बुलंदशहर ने अलीगढ़ की फाल्कन टीम को 21 रन से हरा मैच जीता।
बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी ने बताया कि रविवार को एसएनएस क्रिकेट एकेडमी बुलंदशहर व फाल्कन क्रिकेट एकेडमी अलीगढ़ के बीच मैच खेला गया। एसएनएस टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। एसएनएस की टीम ने 19.5 ओवर में 228 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिसमें देव राजोरा ने सर्वाधिक 62 रन, राम रघुवंशी ने 33 व प्रशांत ने 28 रन का योगदान दिया। फाल्कन टीम के गेंदबाज शिवम राजपूत ने चार, पुनीत ने दो और हर्ष, जतिन व मोनू राजपूत ने एक-एक विकेट लिया जबकि एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाल्कन की टीम 20 ओवर में महज 207 रन बना सकी। जिसे एसएनएस की टीम ने 21 रन से जीत दर्ज की। फाल्कन टीम के विशाल बघेल ने सर्वाधिक 43 रन और यश ने 38 रन का योगदान दिया। एसएनएस के गेंदबाज वाशु सिंह ने चार, अनंत ने तीन व संकल्प ने एक विकेट लिया। सर्वाधिक विकेट लेने पर वाशु सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।