अमरपुर में हुई गोकशी, हिंदूवादी संगठनों ने किया हंगामा
खानपुर। थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर में गांव निवासी एक व्यक्ति के खेत में स्थित कुएं में गोवंश के अवशेष मिलने पर गोकशी की घटना का खुलासा हुआ है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की है। मौके पर पहुंचे हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। पुलिस की मौजूदगी में गोवंशों के अवशेषों का अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर में बुधवार सुबह तीन दिन में गोकशी की दूसरी बड़ी घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। गांव निवासी दिनेश ने अपने खेत के समीप समुदाय विशेष के एक व्यक्ति के खेत में स्थित सूखे कुएं में कुछ अज्ञात व्यक्तियों को बोरे में बंद कर कुछ सामान डालते देखा था। ग्रामीण द्वारा दी गई सूचना के बाद गांव से अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे और कुएं में गिरे बोरे को बाहर निकाला। बोरे में गोवंशों के अवशेष देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने स्थानीय पुलिस के खिलाफ नाराजगी प्रकट की। घटना की सूचना पाकर एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव व सीओ स्याना अलका सिंह भी मौके पर पहुंच गए और चिकित्सकों की टीम बुलाकर अवशेषों के नमूने जांच के लिए भेज दिए। घटना की सूचना पर हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी बजरंग दल के गोरक्षा प्रमुख यतेंद्र उर्फ छोटे गहना, एड. योगेश कुमार, भाजपा अध्यक्ष लोकेश कुमार, सुधीर प्रधान, अमित लोधी, छोटू शर्मा, उपेंद्र लोधी, लवकुश सिंह दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और स्थानीय पुलिस पर गोकशों से मिलीभगत का आरोप लगाया। साथ ही हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग भी की है। गोकशों पर एनएसए की कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही हिंदूवादी संगठनों का गुस्सा शांत हुआ। थाना पुलिस ने घटना के संबंध में रहीस, कुरैशी, खालिद, मुख्तयार निवासी अमरपुर व आजाद निवासी गिरौरा के खिलाफ गोकशी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पशुधन विकास अधिकारी पर बिफरे ग्रामीण
मौके पर पहुंचे पशुधन विकास अधिकारी भोपाल सिंह द्वारा गोवंश के अवशेषों को तीन चार दिन पुराना बताने पर ग्रामीण उन पर बिफर पड़े। पशुधन विकास अधिकारी द्वारा बिना जांच के ही बेतुके बोल बोलने पर ग्रामीणों ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया, जिसके बाद पशुधन विकास अधिकारी चुप्पी साध गए।
गोकशी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग की गई है। जिस पर अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आरोपियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
- ब्रूनो भूषण, प्रांत सह मंत्री, धर्मप्रसार विहिप
अवशेषों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। चार आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चारों आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
- अतुल श्रीवास्तव, एसपी सिटी, बुलंदशहर