प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ी। स्रोतः विभाग
बुलंदशहर। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित हुई 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जनपद के छह खिलाड़ियों ने स्वर्ण और दो खिलाड़ियों ने रजत पदक जीते हैं। खिलाड़ियों ने 23 से 27 सितंबर तक आयोजित हुई प्रतियोगिता में मंडल की ओर से प्रतिभाग किया था।
बालिका अंडर-17 वर्ग के 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रियांशी शर्मा और 63 से 66 किलोग्राम भार वर्ग में पलक तिवारी ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 48 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में तनु कपासिया ने रजत पदक हासिल किया।
बालक अंडर-14 वर्ग के 36 से 38 किलोग्राम भार वर्ग में राहुल और 38 से 40 किलोग्राम भार वर्ग में गोपाल ने स्वर्ण पदक जीता। 28 से 30 किलोग्राम भार वर्ग में विष्णु ने रजत पदक हासिल किया।
बालक अंडर-19 वर्ग के 46 किलोग्राम भार वर्ग में कृष्ण कुमार और 81 से 91 किलोग्राम भार वर्ग में यशराज सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। खेलो इंडिया कैंप के बॉक्सिंग कोच सचिन शुक्ला ने बताया कि खिलाड़ियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखी तकनीक और रणनीति का प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए इस्तेमाल किया।
उन्होंने बताया कि आठों खिलाड़ी अब स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी नूर हसन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।