बुलंदशहर/सिकंदराबाद। नेशनल हाईवे-34 पर गाजियाबाद से अलीगढ़ तक 350 करोड़ की लागत से छह अंडरपास बनेंगे। इसके लिए एनएचएआई ने जगह चिन्हित कर प्रस्ताव पास कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अंडरपास निर्माण से वाहन चालकों को सुगम और सुरक्षित सफर का लाभ मिलेगा। इससे यात्रा का समय भी कम होगा। अंडरपास बनने से हाईवे के पास वाले गांवों में होने वाले हादसों से भी निजात मिल सकेगी।
नेशनल हाईवे-34 गाजियाबाद में लाल कुआं से अलीगढ़ तक है और इसकी दूरी करीब 118 किलोमीटर है। हाईवे पर कुछ मुख्य चौराहों जहां पर ट्रैफिक अधिक है। वहां पर अंडरपास नहीं होने के कारण अक्सर जाम के हालात रहते हैं। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं हाईवे पर वाहनों की गति अधिक होने के कारण क्रॉसिंग पर वाहनों के आपस में एक दूसरे से भिड़ जाने के कारण हादसे होते रहते हैं। हाईवे के एक ओर से दूसरी ओर जाने के दौरान भी लोग अक्सर हादसों का शिकार होते रहते हैं। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं। वही औद्योगिक इकाइयों से सामान लेकर वाहन भी हाईवे के एक ओर से दूसरी ओर जाते रहते हैं। औद्योगिक क्षेत्र में चार नंबर पर क्रॉसिंग बनाई गई है।
हाईवे के एक ओर से दूसरी ओर जाने के दौरान वाहन चालक अक्सर हादसों का शिकार होते रहते हैं। चार नंबर कट पर कई बार बड़े हादसे भी हो चुके हैं। औद्योगिक क्षेत्र में अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर लंबे समय से क्षेत्र के लोग मांग कर रहे थे। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों ने कई बार धरना-प्रदर्शन भी किया।
हाईवे पर जाम, हादसों से हाईवे पर सुरक्षित व सुगम सफर के दावों पर सवालिया निशान लग रहे थे। वहीं, दूसरी ओर खुर्जा में पॉटरी उद्योग है। यहां से भी बड़ी संख्या में वाहन पॉटरी से लेकर दूसरे शहरों के लिए रवाना होते हैं। कई बार जाम की समस्या बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब अंडरपास बनने से जहां कई तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा तो जाम से भी निजात मिलेगी।
-
इन स्थानों पर बनेंगे अंडर पास
सिकंदराबाद क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र में चार नंबर कट पर, सुखलालपुर तिराहे पर, खुर्जा क्षेत्र में कैलाश हॉस्पिटल के पास, अलीगढ़ क्षेत्र में डमकोली मोड़, खेरेश्वर चौराहा और बौनेर चौराहा पर अंडरपास बनाए जाएंगे।
-
आधुनिक तकनीक से बनेंगे अंडरपास
परियोजना के तहत अंडरपास का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाले मानकों के साथ किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके। इसके साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान यातायात के प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाई गई है, जिससे यातायात में कोई बाधा न आए।
-
Iएनएच-34 पर अंडरपास निर्माण के बाद दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्री अपनी यात्रा को सुरक्षित और तेज बना सकेंगे। यह परियोजना क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय निवासियों और नियमित यात्रियों दोनों को लाभ मिलेगा। अंडरपास का निर्माण जल्द ही शुरू होगा इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। I
I- अनिरुद्ध सिंह, क्यूब हाईवे के परियोजना हेडI