जहांगीराबाद। दिव्यांग गोशाला के रोलर स्केटर्स ने एक बार फिर से अपना दमखम दिखाकर नगर का नाम रोशन किया है। हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित प्रतियोगिता में आठ बच्चों ने पदक प्राप्त किए हैं। साथ ही छह बच्चों का इंटरनेशनल चैंपियनशिप के लिए भी चयन हुआ है। वहीं, स्केटर्स ने जहांगीराबाद में अभ्यास के लिए एक पक्का ट्रैक बनवाने की मांग की है।
गुरुग्राम में 23 फरवरी को इन सभी चयनित रोलर स्केटर्स ने कोच कनिष्क शर्मा के नेतृत्व में प्रतिभाग किया। इसमें अरनव अधरन व धर्मेश सिंह ने स्वर्ण पदक, कृष्णा, रोहन सैनी, चारु गुप्ता व खनक ने रजत पदक और सार्थक गर्ग व पर्व सिंघल ने कांस्य पदक हासिल किया।
इनमें से जिन छह बच्चों का चयन इंटरनेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ है, वह मई में नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इन्हें स्पॉन्सरशिप भी मिली है। सभी बच्चों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच कनिष्क शर्मा व अपने माता पिता को दिया है। इस मौके पर खुशीराम सिंह, प्रेम मासूम, फिटनेस ट्रेनर शिवा भारद्वाज व अंकित त्यागी, बब्बू पंडित और गौरव पाल गर्ग ने सभी बच्चों को बधाई देकर उनका उत्साह बढ़ाया।