बुलंदशहर। खानपुर और स्वाट ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर टावर्स से बैटरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का राजफाश किया है। गिरोह में मुरादाबाद, शहाजहांपुर और दिल्ली के सदस्य शामिल हैं और मेरठ और बुलंदशहर में टावर की बैट्री चोरी करते थे। पुलिस ने 14 बैट्री और चाेरी की गाड़ी बरामद कर जेल भेज दिया हैं।
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि गुलावठी और खानपुर थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावर्स से बैटरी चोरी की घटना हुई थी। लाखों के बैटरी चोरी होने पर स्वाट टीम प्रभारी असलम और खानपुर थाना प्रभारी लोकेश प्रताप सिंह को लगाया गया था। टीम ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें शानू अजीम निवासी मोहल्ला मिरानपुर थाना कटरा शहाजहांपुर हाल निवासी करदमपुरी मैन रोड शाहदरा दिल्ली, प्रशांत कुमार निवासी सिकंदरपुर मुजफ्फरपुर जनपद मुजफ्फरनगर हाल निवासी रामलीला मैदान थाना लाइनपार जनपद मुरादाबाद, वकील व शकील निवासीगण करदमपुरी शनि बाजार थाना ज्योति नई दिल्ली, संजीव कुमार सैनी निवासी ग्राम शिमलाठेर कुंदरकी जनपद मुरादाबाद और नीरज शर्मा निवासी ग्राम पहदी बैनीपुर जनपद दरभंगा बिहार हाल निवासी छज्जू गेट बाबरपुर थाना वेलकम शाहदरा दिल्ली को गिरफ्तार किया है। इनसे लाखों रुपये की कीमत की 14 बैटरी और एक कार बरामद की है। बताया कि बैटरी चोरी कर वह दिल्ली निवासी कबाड़ी को सस्ती दरों पर बेच देते थे। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।