अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरौरा बांगर में शनिवार को खेत की मेढ़ को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद व फायरिंग में घायल हुए चार लोगों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी पिता व उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है। प्रकरण में चार लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अनूपशहर के गांव सिरौरा बांगर निवासी मोनू ने प्रकरण में शनिवार देर शाम तहरीर देकर बताया कि दोपहर के समय उसके भाई के साथ दूसरे पक्ष के अन्य लोगों खेत की मेड़ तोड़ने व उस पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मारपीट कर दी थी। जिसकी सूचना गुड्डू ने मोनू व दूसरे भाई अनिल को दी थी। जब मोनू व अनिल अपने घर से गुड्डू के पास खेत पर जाने के लिए निकले तो रास्ते में आरोपी पक्ष ने अपने घर की छत से उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसमें दोनों भाई पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उसी दौरान खेत से वापस लौट रहे गुड्डू पर भी आरोपियों ने फायरिंग कर दी थी। जिसमें एक गोली उसके पेट के निचले हिस्से में लगी थी। गोलियों की आवाज सुनकर गांव निवासी बब्बन भी मौके पर बीच बचाव कराने के लिए पहुंचे लेकिन आरोपियों ने उन पर भी फायर झोंक कर घायल कर दिया। गोली उनके कंधे के पास जा लगी थी। मोनू की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी आरोपी असगर व उसके बेटे वसीम, सुहेल और साबिर को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी पिता असगर व उसके पुत्र वसीम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक भी बरामद हो गई है। फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की बात कह रही है।
गांव के सभी 17 असलहे जमा करने की तैयारी
वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गहनता से जांच की थी। साथ ही आरोपियों के घर की छत से पुलिस ने कई खाली खोखे बरामद किए थे। जिससे अंदाजा लगाया गया कि आरोपी पक्ष की ओर से करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई है। फायरिंग आरोपियों ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक व अन्य हथियार से की। पुलिस ने बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही गांव के कुल 17 लाइसेंसी हथियारों को जमा कराने की भी तैयारी शुरू कर दी है।
मामले में तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - श्लोक कुमार, एसएसपी