बुलंदशहर रोडवेज अड्डे से बस में बैठ हरिद्वार जाते समय जयकारा लगाते श्रद्धालु। संवाद
बुलंदशहर। शिवरात्रि नजदीक आने पर जिलेभर में बम-बम भोले की गूंज तेज हो गई है। शुक्रवार को 16 बसें हरिद्वार के लिए रवाना हो गई। शनिवार को शिवभक्तों के लिए 10 बसें आरक्षित की गई हैं। वहीं, रास्ते में शिवभक्तों के लिए बसों में शिव भजन चलाए जा रहे है।
शिवरात्रि 23 जुलाई की हैं। हरिद्वार से कांवड़ एवं गंगाजल लाने के लिए पिछले एक सप्ताह से निगम की बसों का संचालन हो रहा है। प्रतिदिन गांवों से टोली बनाकर शिव भक्त हरिद्वार के लिए रवाना हो रहे हैं। हरिद्वार से कांवड़ व गंगाजल लेकर पैदल अपने गृह क्षेत्र पहुंचेंगे।
शुक्रवार को शेखपुर जैनपुर निवासी ओमप्रकाश 12 शिवभक्तों की टोली के साथ, इस्माइला निवासी अजय कुमार 6 शिवभक्तों की टोली के साथ और अनूपशहर के मलकपुर निवासी यशपाल पांच शिवभक्तों की टोली के साथ रवाना हुए। मनीष सिंघल ने बताया कि गत वर्ष की अपेक्षा इस बार अधिक शिवभक्त रवाना हुए हैं। अभी भी टोली बनाकर रवाना हो रहे हैं। तरुण शर्मा ने बताया कि बाबा का बुलावा आया तो अपने आप को रोक नहीं पाया।
Iशुक्रवार को हरिद्वार के लिए 50 बसें आरक्षित की गई है। शाम तक 16 बसें हरिद्वार को रवाना की गई। बृहस्पतिवार को 27 बसें हरिद्वार को रवाना की गई। शनिवार के लिए 10 बसें आरक्षित की गई है। हरिद्वार जाने वाली सभी बसों में शिव भजन चलाए जा रहे हैं। - परमानंद, एआरएम बुलंदशहर डिपोI