देहात कोतवाली पुलिस की हिरासत में शाहरुख हत्याकांड का आरोपी। स्रोत: पुलिस
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के भईपुरा रोड पर हुए शाहरुख हत्याकांड में पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है। मंगलवार को पुलिस टीम ने घटना में शामिल एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भईपुरा रोड स्थित मुर्गा फार्म के पास बीते 6 अप्रैल को रुकन सरायधारी निवासी शाहरुख का शव मिला था। मृतक के भाई तालिब की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने पूर्व में शादान, कमरजहां और एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी के चलते मंगलवार, 14 अप्रैल को थाना कोतवाली देहात पुलिस ने गांव कलौली को जाने वाले रास्ते से इस मामले में वांछित अभियुक्त भूरा, निवासी खुर्जानगर को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के समीप से वह ईंट भी बरामद कर ली गई है, जिससे शाहरुख पर प्रहार किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है और वह इस हत्याकांड की साजिश व घटना में सक्रिय रूप से संलिप्त था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।