खड़ी बस में कंटेनर ने मारी टक्कर, सात घायल
सिकंदराबाद। हाईवे-91 पर रविवार की रात जिला कारागार के सामने लगे बैरियर पर खड़ी लोनी डिपो की बस में कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक, परिचालक, कंटेनर के परिचालक समेत करीब आधा दर्जन सवारियां घायल हो गईं। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जनपद बागपत के गांव पखरपुर थाना खेकडा निवासी दलबीर सिंह पुत्र विजयपाल सिंह ने बताया कि वह अलीगंज एटा निवासी परिचालक राज सिंह के साथ लोनी डिपो की रोडवेज बस को रविवार की रात साढ़े नौ बजे मैनपुरी से दिल्ली के लेकर रवाना हुआ था। बस में 15 सवारियां थीं। दलवीर सिंह ने बताया कि रात करीब ढाई बजे वह हाईवे-91 पर जिला कारागार के सामने पहुंचे। कारागार के सामने पुलिस बैरिकेडिंग लगी हुई थी। चेकिंग के चलते बैरियर पर बस खड़ी हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे प्लास्टिक के दाने के कट्टो से भरे कंटेनर ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। कंटेनर की टक्कर से बस आगे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में बस आगे, पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगने से बस में सवार सवारियों में चीख पुकार मच गई। चालक परिचालक ने बताया कि टक्कर लगने के बाद इतनी तेज आवाज हुई मानों कोई बम फट गया हो। हादसे में चालक दलवीर सिंह, परिचालक राज सिंह, मोहित निवासी औरैया ,आदित्य मिश्रा निवासी मैनपुरी ,रामदास निवासी फर्रुखाबाद, बृजपाल निवासी कन्नौज, तथा रवि पाल निवासी मैनपुरी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। जबकि घायल कंटेनर परिचालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। कोतवाल दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि बस चालक की तहरीर पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
हाईवे पर घंटों यातायात रहा बाधित
सिकंदराबाद। हादसे के बाद बस और कंटेनर के सड़क पर खड़े रहने, कंटेनर में भरे प्लास्टिक दाने के सड़क पर बिखर जाने के कारण घंटों यातायात बाधित रहा। दिन निकलते ही हाईवे पर जाम के हालात हो गए और वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह करीब आठ बजे पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त बस, कंटेनर को हटवाया और सड़क पर बिखरे प्लास्टिक दाने को साफ कराया। उसके बाद ही हाईवे पर यातायात सुचारू हुआ।