फर्जी हस्ताक्षर कर सचिव ने किसान के खाते से निकाले 21 हजार
ऊचागांव। किसान सहकारी समिति दौलतपुर कलां पर तैनात सचिव पर एक किसान के खाते से फ र्जी हस्ताक्षर कर 21 हजार रुपये की नगदी निकालने का आरोप है। किसान की मौत के बाद उसके पुत्र पर पहुंचे नोटिस के बाद उसे फ र्जी तरीके से निकाली गई धनराशि की जानकारी हुई। किसान ने सचिव के खिलाफ थाना नरसेना में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है।
थाना नरसेना क्षेत्र के गांव घुंघरावली निवासी जगमाल पुत्र दुर्गा सिंह ने बताया कि उसके पिता किसान सहकारी समिति दौलतपुर कलां के सदस्य थे। उसके पिता ने समिति से 43,310 रुपये का लोन लिया था, जिसको 26 जून 2016 को चुकता कर दिया था और उसके बाद किसान की मौत हो गई थी। 21 जुलाई 2016 को समिति पर तैनात सचिव ने फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खाते से 21,390 रुपये की धनराशि को निकाल लिया और तीन साल तक निकाली गई धनराशि जमा न करने पर किसान के पुत्र को ब्याज सहित 29 हजार रुपये जमा कराने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया। पीड़ित किसान पुत्र ने जिसकी शिकायत समिति के अधिकारियों से करते जांच कराने की गुहार लगाई। किसी अधिकारी ने उसकी एक नहीं सुनी, जिससे परेशान किसान ने समिति के सचिव रामौतार उर्फ लाला के खिलाफ थाना नरसेना में रिपोर्ट दर्ज कराया है। थाना प्रभारी शौकेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।