बुलंदशहर। देवीपुरा निवासी वृद्ध किशन सिंह से उनके दामाद ने साले की रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर सात लाख रुपये हड़प लिए। बेटे की नौकरी नहीं लगने पर जब पीड़ित वृद्ध ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टाल मटोल करता रहा। अब आरोपी ने रुपये वापस मांगने पर पीड़ित को उनकी बेटी को तलाक देने की धमकी दी है।
पीड़ित किशन सिंह ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री विमलेश की शादी करीब चार वर्ष पूर्व गुड़गांव निवासी युवक से की थी। उनका दामाद सिविल की ठेकेदारी करता है। पीड़ित का एक पुत्र है, जिसने ग्रेजुएशन किया है लेकिन अभी बेरोजगार है।
करीब एक वर्ष पूर्व उनके दामाद ने कहा था कि वह उनके बेटे की रेलवे में नौकरी लगवा देगा। उसकी लखनऊ स्तर पर अच्छी जान पहचान है। पीड़ित भी आरोपी दामाद की बातों में आ गए। आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर दस लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने आरोपी को तीन बार में अलग-अलग समय पर कुल सात लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने जल्द ही नौकरी लगने का आश्वासन दिया था।
लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी उनके बेटे की नौकरी नहीं लगी। 13 फरवरी को वह अपनी पुत्री की ससुराल गए थे, जहां दामाद से बातचीत की तो उन्हें जानकारी हुई कि आरोपी दामाद ने उनके साथ ठगी की है। पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने देने से इन्कार कर दिया। साथ ही भविष्य में रुपये मांगने पर बेटी को तलाक देने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।