महज सात मिनट में नुमाइश में खाद्य सुरक्षा सम्मेलन संपन्न हो गया। आयोजकों ने सम्मेलन को सफल दिखाने की मंशा से माली और राहगीरों के हस्ताक्षर रजिस्टर में कराए। सम्मेलन खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कराया गया था। इसका बजट 15 हजार रुपये था।
बता दें कि 25 मार्च को नुमाइश स्थित रवींद्र नाट्यशाला में चौधरी चरण सिंह किसान सम्मेलन में महज 12 किसान पहुंचे थे। कृषि विभाग के अफसरों ने खानापूर्ति कर 15 मिनट में सम्मेलन निपटा दिया था। एक बार फिर आयोजकों की सुस्ती के चलते रविवार को आयोजित खाद्य सुरक्षा सम्मेलन बदइंतजामी का शिकार हुआ।
रविवार सुबह 11 बजे नुमाइश के बैरन हॉल में खाद्य सुरक्षा सम्मेलन का समय निर्धारित था। आयोजक समय पर बैरन हॉल में पहुंच गए। सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। आयोजक लोगों का इंतजार करते रहे। मगर 11.30 बजे तक कोई व्यक्ति बैरन हॉल में नहीं पहुंचा।
इसके बाद आयोजकों ने राहगीरों और नुमाइश के मालियों को पकड़कर कार्यक्रम में लोगों की उपस्थिति दर्शाने के लिए हस्ताक्षर कराने शुरू कर दिए। करीब 8 राहगीरों को बरगला कर हस्ताक्षर करा लिए। कुछ राहगीरों ने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया।
इसके बाद कम उपस्थिति देखकर आयोजक नुमाइश मालियों के पास पहुंचे और हस्ताक्षर करने की अपील की। करीब 6 मालियों ने हस्ताक्षर कर दिए। जबकि बाकी मालियों ने हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया। इसके बाद आयोजक चले गए।