बैठक में नदारद रहने वाले एआइजी स्टांप से मांगा स्पष्टीकरण
बुलंदशहर। डीएम रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में राजस्व कार्यों, वसूली और कर करेत्तर की मासिक समीक्षा बैठक की गई। डीएम ने अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में गैरहाजिर रहने पर एआइजी स्टांप से डीएम ने स्पष्टीकरण मांगा।
बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि अमीनवार आरसी की समीक्षा की जाए और वसूली के कार्यों में तेजी लाई जाए। जिन अमीनों द्वारा वसूली कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है उन्हें नोटिस जारी किया जाए। बैंक देय में वसूली कम होने पर बैंक देय की वसूली शत प्रतिशत करने के निर्देश दिए गए। विद्युत देय, पट्टा रायल्टी, ग्राम सभा हर्जाना, नगर पालिका देय आदि देयकों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर डीएम ने देयकों में शत प्रतिशत वसूली कराए जाने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। बैठक में आवास आवंटन, मत्स्य पालन पट्टा आवंटन, अंश निर्धारण आदि की समीक्षा करते हुए नियमानुसार प्रकरण के निस्तारण करने के निर्देश दिए। स्टांप रजिस्ट्रेशन की समीक्षा करते हुए एआईजी स्टांप के बैठक में अनुपस्थित होने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। व्यापार कर की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि लक्ष्य के सापेक्ष करों की वसूली में प्रगति लायी जाए। परिवहन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर एआरटीओ को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाते हुए लक्ष्य पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। खनन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में एक ही खनन पट्टा होने पर आवंटित लक्ष्य को पूर्ण करने में परेशानी हो रही है। डीएम ने प्रभारी अधिकारी खनन को निर्देशित किया कि इस संबंध में शासन को पत्र प्रेषित करते हुए खनन के लक्ष्य को कम कराया जाए। बैठक में आबकारी विभाग द्वारा आवंटित लक्ष्यों के सापेक्ष कम प्रगति होने पर आबकारी अधिकारी को लक्ष्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मंडी समिति में आवंटित लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए सचिव मंडी को निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए गंगा नदी में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए अवंतिका देवी मन्दिर के पास कटान रोकने के संबंध में सिंचाई विभाग द्वारा किये गये कार्यों का निरीक्षण करने के लिए एडीएम फाइनेंस को निर्देश दिए। बैठक में एडीएम फाइनेंस मनोज कुमार सिंघल, एडीएम प्रशासन रवीन्द्र कुमार, एडीएम न्यायिक उमेश चंद्र उपाध्याय, डीएफओ गंगा प्रसाद सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार उपस्थित रहे।
इस बार स्वतंत्रता सेनानियों को घर जाकर किया जायेगा सम्मानित
बुलंदशहर। स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले कार्यक्त्रस्मों के संबंध में जिला पंचायत सभागार में डीएम की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डीएम ने कोरोना को देखते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से फोन पर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें देते हुए उनके घरों पर ही उन्हें शॉल, मिठाई आदि भेंट कर सम्मानित करने के निर्देश दिए। मुशायरा व कवि सम्मेलन ऑन लाइन कराए जाने की बात कही। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और विशेष सफाई अभियान चलाकर प्रतिमाओं के आस-पास सफाई कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर किसी भी प्रकार से भीड़-भाड वाले कार्यक्त्रस्म आयोजित नहीं किए जाएंगे।
अमित सक्सेना