बुलंदशहर। सहकारिता विभाग के ज्वाइंट रजिस्ट्रार के निरीक्षण में गांव सैदपुर स्थित सहकारी समिति पर अनियमितताएं मिलीं। इस पर उन्होंने समिति के सचिव रविकांत विमल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही एआर को-ऑपरेटिव को अनियमितताओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
सहकारिता विभाग के एआर को-ऑपरेटिव अमित कुमार त्यागी ने बताया कि विभाग के ज्वाइंट रजिस्ट्रार संजय कुमार राय ने बुधवार को जिले की सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीबीनगर क्षेत्र के गांव सैदपुर स्थित सहकारी समिति का निरीक्षण किया। समिति सचिव उर्वरक वितरण की जानकारी नहीं दे सके। निरीक्षण के दौरान समिति पर उर्वरक पूरा मिला लेकिन वितरण समेत अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं मिले।
खाद वितरण में भी सचिव द्वारा अनियमितता बरतने का मामला सामने अया। उन्होंने बताया कि सोसायटी पर अनियमितताएं मिलने पर सचिव रवि कांत विमल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जिले की सभी 146 समिति के सचिवों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि वह नियमानुसार यूरिया व डीएपी का वितरण करें।