संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिले के कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत 416 से अधिक राजकीय, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन अवेयरनेस प्रोग्राम से जोड़ा जाएगा। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भविष्य की नई तकनीकों की बुनियादी जानकारी प्रदान करेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिदिन ऑनलाइन प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों को नियमित रूप से लॉगिन कर पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तकनीकी या लॉग-इन संबंधी समस्या होने पर विद्यार्थियों को सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और आईटी सहित अन्य सेक्टर में तेजी से बढ़ रहा है। एआई तकनीक से डेटा विश्लेषण, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। एआई छात्रों की तकनीकी समझ, समस्या समाधान क्षमता और डिजिटल कौशल को मजबूत करेगा।
आने वाले वर्षों में एआई आधारित नौकरियों की मांग तेजी से बढ़ने की संभावना है। इसकी शुरूआत माध्यमिक विद्यालयों में जल्द कराई जाएगी।