बुलंदशहर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। सत्र 2026-27 के तहत पांच चरणों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी खाली रह गई सीटों को भरने के लिए एक बार फिर वॉक-इन प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 नवंबर तक रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) का पोर्टल 15 नवंबर की रात 12 बजे तक खुला रहेगा।
सरकारी आईटीआई सहकारीनगर के प्रधानाचार्य राजेश गौतम ने बताया कि जिले में 36 सरकारी और निजी आईटीआई संचालित हैं। इनमें करीब 6500 सीटों पर प्रवेश होना है। प्रवेश के लिए अब तक पांच चरण पूरे किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कुछ सीटें रिक्त रह गई हैं। इन्हें भरने के लिए परिषद के निर्देश पर वॉक-इन नीति के तहत प्रवेश दिए जाएंगे। प्रवेश प्रक्रिया में पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों के साथ नए अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे।
30 अक्तूबर तक चली प्रवेश प्रक्रिया के बाद रिक्त रह गई सीटों पर दाखिले के लिए यह व्यवस्था की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को एससीवीटी पोर्टल पर पंजीकरण कर रिक्त सीटों के सापेक्ष आवेदन करना होगा। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले संबंधित ट्रेड और संस्थान में उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी प्राप्त कर लें। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।