खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चड़ने के लिए धक्का-मुक्की करते यात्री । संवाद
खुर्जा जंक्शन। छठ पर्व के चलते महानंदा और गोमती एक्सप्रेस की जनरल बोगी में भी यात्रियों को शनिवार को सीट नहीं मिल सकी। आलम यह रहा है कि भीड़ के कारण बोगियों में ऊपर चढ़ने की भी जगह नहीं थी। ऐसे में यात्री पैसेंजर ट्रेनों से अलीगढ़, हाथरस और दिल्ली के लिए रवाना हुए।
बिहार व पूर्वी जिलों में जाने वाली ट्रेनों में छठ पर्व के चलते सीट के लिए मारामारी चल रही है। दिल्ली व गाजियाबाद स्टेशन से ही ट्रेनें भरकर आ रही हैं। ऐसे में खुर्जा जंक्शन आने पर ट्रेनों में चढ़ने की जगह ही नहीं नहीं मिल रही है। शनिवार सुबह आई महानंदा एक्सप्रेस में यात्रियों को चढ़ने के लिए धक्का मुक्की करनी पड़ी। कई यात्री तो ट्रेन में ही नहीं चढ़ सके।
वहीं, शाम करीब चार बजे आई गोमती एक्सप्रेस की जनरल बोगी में भी यही हाल रहा। कुछ यात्री शाम पांच स्टेशन पर आई टूंडला अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन से रवाना हुए। स्टेशन अधीक्षक घनश्याम मीणा का कहना है कि छठ पर्व के चलते ट्रेनों में भीड़ देखने को मिल रही है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी व आरपीएफ के कर्मचारी प्लेटफार्म पर तैनात किए गए हैं।