बुलंदशहर। जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब जिले के छह और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद डेंगू के कुल केस 44 हो गए हैं। वहीं, मरीज मिलने पर टीम गांव जाकर शिविर लगाने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव करवा रही है। शनिवार को जिला मलेरिया विभाग की टीम खुशहालगढ़ गांव पहुंची और शिविर लगा एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। वहीं, मलेरिया के अभी तक 43 केस मिल चुके हैं।
मौसम बदलने एवं समय-समय पर बारिश के बाद जलभराव होने से जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले तीन दिन में छह लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें नगर के शास्त्री नगर निवासी 53 वर्षीय पूनम सिंह, वैर क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय अभिषेक मिश्रा सिकंदराबाद के कायस्थवाड़ा निवासी 18 वर्षीय कार्तिक मांगलिक, अनूपशहर के नेहरूगंज निवासी 58 वर्षीय पिंकी शर्मा, तौली क्षेत्र के गांव खुशहालगढ़ निवासी 27 वर्षीय मोनू एवं डिबाई क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय विजय लता आदि के बुखार होने पर परिजनों ने निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
जहां बुखार न उतरने पर डेंगू की जांच की गई। सभी की निजी लैब पर डेंगू की जांच पॉजिटिव आई है। डेंगू पॉजिटिव मिलने पर शनिवार को मलेरिया विभाग की टीम अनूपशहर और तौली क्षेत्र पहुंची। डेंगू पॉजिटिव मरीज के घर एवं गांव में जांच कर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। साथ ही ग्रामीणों को डेंगू से बचाव को लेकर उपाय बताए। इसके अलावा बीमार पीड़ितों को दवा का वितरण कराया गया। विभागीय अफसरों के अनुसार जिले में अभी तक डेंगू के कुल 44 मामले सामने आ चुके है, जबकि मलेरिया के 43 केस मिल चुके हैं।
Iजिले में डेंगू के छह मरीज नए मिले हैं। इन सभी का निजी चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। डेंगू और मलेरिया मरीज मिलने पर मलेरिया विभाग की टीम को गांव भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओI