आधार कार्ड से सत्यापित होगा छात्रवृत्ति का आवेदन
बुलंदशहर। अब छात्रों को छात्रवृत्ति फार्म भरने के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी। शासन ने पूर्व के नियमों में एक बार फिर बदलाव किया है। अब वहीं, छात्र आवेदन कर पाएंगे, जिनके आधार का ब्योरा व शैक्षिक ब्योरा एक तरह का होगा। इस नियम से छात्रवृत्ति में गोलमाल करना आसान नहीं होगा।
पूर्व दशमोत्तर व दशमोत्तर कक्षाओं में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति देने का प्रावधान किया गया है। अलग-अलग कक्षाओं के लिए मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि भी अलग-अलग निर्धारित की गई है। छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति के नाम पर कई बार घपला होने के के मामले भी सामने आते रहे हैं। इस पर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2013 में ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की थी। हालांकि इसके बाद भी अनियमितताएं सामने आने पर इसमें बदलाव कर सर्वर से यूपी बोर्ड को जोड़ा गया। साथ ही प्रावधान किया गया कि हाईस्कूल का रोल नंबर सत्यापन होने के बाद ही छात्र आवेदन कर सकेंगे। वर्ष 2017 में एक बार फिर इसमें बदलाव किया गया कि छात्र आवेदन करेंगे और उनका ब्योरा सत्यापन होने के बाद आवेदन की प्रक्रिया को पूरी करेंगे। अब एक बार फिर इसमें बदलाव किया गया है। इसके तहत अब आधार कार्ड के अनुसार ब्योरा सही पाए जाने पर ही छात्र आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए छात्रवृत्ति के सर्वर को यूआईडीएआई सर्वर से जोड़ा गया है। इसके तहत छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने के बाद आवेदन में भरे गए ब्योरा का सत्यापन यह सर्वर करेगा और संबधित छात्र का ब्योरा नाम, पिता या पति का नाम, उम्र, जन्मतिथि और शैक्षणिक प्रमाणपत्र व आधार कार्ड में एक जैसा होने पर ही आवेदन किया जा सकेगा।
कोड =
शासन की ओर से छात्रवृत्ति के लिए यूआईडीएआई से मिलान के बाद आवेदन करने की व्यवस्था की जा रही है। आधार कार्ड में कोई कमी होने पर संशोधन कराना जरूरी है।
- नागेंद्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी