सार्वजनिक रूप से नही अदा होगी नमाज, मजिस्ट्रेट तैनात
बुलंदशहर। ईद-उल-जुहा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शासन की गाइड लाइन के अनुसार इस बार सार्वजनिक रूप से ईद की नमाज नहीं अदा की जाएगी। मस्जिदों के बाहर मजिस्ट्रेटों की तैनाती करने का आदेश भी जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने प्रत्येक मस्जिद के बाहर साफ-सफाई करने का भी निर्देश नगर पालिका को जारी किया गया है।
शासन की ओर से सभी जनपदों में गाइड लाइन जारी की गई है। डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि ईद पर सार्वजनिक रूप से नमाज अदा नहीं की जाएगी। शासन की ओर से जारी गाइड लाइन का सभी को पालन करना होगा। उन्होंने संबंधित अफसरों को निर्देश दिया है कि बकरीद पर किसी भी प्रकार के विवादित कार्य न किए जाए। सभी मस्जिदों के आसपास साफ सफाई का विशेष प्रबंध किया जाए। पानी की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने मुस्लिम धर्मगुरुओं से अपील की है कि त्योहार पर सोशल डिस्टेसिंग का पूरा पालन किया जाना चाहिए। भीड़भाड़ बिलकुल भी न होने दें। घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग अति आवश्यक है। वहीं, डीएम ने जनपद की सभी प्रमुख मस्जिदों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती करने का निर्देश दिया है। ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद पर एडीएम न्यायिक, काली मस्जिद पर एडीएम प्रशासन, तहसील खुर्जा क्षेत्र में एडीएम वित्त एवं राजस्व, नगर क्षेत्र विशेषकर ईदगाह बुलंदशहर पर नगर मजिस्ट्रेट समेत सभी एसडीएम और तहसीलदार की तैनाती की गई है।