संवाद न्यूज एजेंसी
पहासू। नगर पंचायत क्षेत्र में टेंडर खत्म होने पर ठेके पर काम करने वाले 70 सफाईकर्मियों की नौकरी खत्म हो गई है। ऐसे में सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय पर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ईओ को ज्ञापन देकर नए टेंडर में उन्हीं कर्मचारी को नौकरी दिलाने की मांग की।
सफाई कर्मचारी यूनियन के मंत्री रोबिन ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में उनके साथ के करीब 70 कर्मचारी ठेकेदार के अंतर्गत कार्यरत थे। बृहस्पतिवार को सफाई नायक ने कर्मचारियों से कहा कि ठेकेदार का टेंडर खत्म हो गया है। अब उसके अंतर्गत काम करने वाले सभी कर्मचारी अन्य कोई मजदूरी कर सकते हैं। नगर पंचायत में उनकी नौकरी मान्य नहीं होगी। ऐसे में बिन सूचना के कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया। गरीब मजदूर परिवारों पर आर्थिक संकट आ गया है।
इन कर्मचारियों में ऐसे भी लोग हैं, जो करीब दस से 15 साल से काम कर रहे हैं। अचानक नौकरी चली जाने से सभी के लिए दिक्कत हो गई है। इसको लेकर कर्मचारियों ने शुक्रवार शांतिपूर्ण रूप से प्रदर्शन किया। वहीं, नए टेंडर में उन्हीं को नौकरी दिए जाने की मांग को लेकर ईओ को ज्ञापन दिया। इस दौरान रितू, बिजेंद्र, योगेश कुमार, विशाल, मोहित, रूपवती, अनीता आदि मौजूद रहे। ईओ नीतू सिंह ने बताया कि सफाई ठेकेदार का टेंडर खत्म हो गया है। ऐसे में जब नया टेंडर निकलेगा, तब ही ठेकेदार का निर्धारण होगा। प्रयास किया जाएगा इन्हीं कर्मचारियों को नौकरी मिल सके।