छतारी। क्षेत्र के पहासू रोड स्थित बाग में पुलिस बृहस्पतिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ डिबाई अजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को सूचना मिली कि छतारी क्षेत्र में कुछ बदमाश लूट की फिराक में घूम रहे हैंं। ऐसे में छतारी पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। जब पुलिस टीम पहासू रोड स्थित बाग में चेकिंग कर रही थी। तभी दो संदिग्ध लोग वहां पर दिखाई दिए। पुलिस ने पूछताछ के लिए उनको रोका तो आरोपी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उनको रोक लिया।
पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने फायरिंग की शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया। दूसरा बदमाश फायरिंग करता हुआ वहां से फरार हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसकी पहचान लटूरी निवासी गांव नंगला बंजारा थाना छतारी के रूप में हुई। आरोपी के पास से तमंचा बरामद किया गया।
थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि जांच में देखा गया कि लटूरी बदमाश थाना शिकारपुर में डकैती की घटना में वांछित चल रहा है। इस पर पूर्व में अलग-अलग थानो में सात मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।