संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। स्याना की चिंगरावठी चौकी पर करीब साढ़े चार वर्ष पूर्व हुए बवाल प्रकरण की न्यायालय में सुनवाई चल रही है। वर्तमान में वादी और चश्मदीद की गवाही पूर्ण हो चुकी है। जबकि, अन्य साक्षी का पेश होना बाक है। मंगलवार को इस प्रकरण में एडीजे 12 के न्यायालय में अग्रिम सुनवाई होनी है।
स्याना की चिंगरावठी चौकी पर तीन दिसंबर 2018 को बवाल हो गया था। जिसमें गांव चिंगरावठी निवासी एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। जबकि, तत्कालीन स्याना थाना प्रभारी सुबोध कुमार सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद 44 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। जिनमें मुख्य रूप से पांच आरोपी प्रशांत नट, डेविड, जॉनी, राहुल और लोकेेंद्र पर पुलिस ने हत्या का चार्ज लगाते हुए चार्जशीट दाखिल की थी। मामले की वर्तमान में एडीजे 12 के न्यायालय में सुनवाई चल रही है। अभी तक मामले में वादी मुकदमा उपनिरीक्षक सुभाष सिंह व एक इकलौते चश्मदीद की गवाही भी हो चुकी है। अन्य साक्षी की गवाही की कार्रवाई वर्तमान में चल रही है। मंगलवार को न्यायालय में इस प्रकरण को लेकर फिर से सुनवाई और अन्य कार्रवाई की जाएगी।